खबर digital news रिपोर्टर /कटनी। शहर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शुक्रवार को माधवनगर थाना क्षेत्र के दिव्यांचल मैरिज गार्डन के सामने एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने कथित लापरवाही से नेचर्स स्कूल के बच्चों को ले जा रहे वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कलेक्टर मार्ग की ओर से आ रहा ई-रिक्शा (वाहन क्रमांक MP21 ZJ 6368) अनियंत्रित होकर स्कूल वाहन से जा भिड़ा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में 2 से 3 बच्चे घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायल बच्चों को उसी ई-रिक्शा से उपचार के लिए अस्पताल रवाना कराया।सूत्रों का यह भी दावा है कि बच्चों को शासकीय अस्पताल के बजाय एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, घायल बच्चों की संख्या, उनकी स्थिति और उपचार से जुड़ी जानकारी की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।घटना ने एक बार फिर शहर में बेलगाम ई-रिक्शाओं की रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी और स्कूली बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बच्चों की जान जोखिम में डालने वाले लापरवाह चालकों पर प्रभावी कार्रवाई कब होगी?माधवनगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों, चालक की भूमिका और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। आधिकारिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
खबर डिजिटल संवाददाता सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट-









