शिवपुरी/अनुज बालोटिया/खबर डिजिटल/ जिले के कोलारस कस्बे में एक ज्वेलर्स की दुकान से हुई करीब 2 करोड़ रुपए की चोरी का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 1 करोड़ 53 लाख रुपए कीमत की 46 किलो चांदी और सोने के आभूषण बरामद किए हैं। चोरी का माल आरोपियों ने जमीन में गड्ढे खोदकर छिपा रखा था।
रात में तोड़ा था शटर
यह चोरी 26-27 जुलाई की दरम्यानी रात सदर बाजार स्थित ज्वेलर्स गिरीश कुमार जैन की दुकान में हुई थी। अज्ञात चोरों ने शटर तोड़कर दुकान से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
200 CCTV खंगाले
एसपी अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर एएसपी संजीव मुले और एसडीओपी संजय मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीमें बनाई गईं। पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना व भिंड में 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की। साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए गए।
चांदी बेचते समय पकड़ा गया आरोपी
20 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी अमन रावत (22) को शिवपुरी में चोरी की चांदी बेचते समय गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने मामा संजय रावत, जानकी रावत और दोस्त अभिषेक रावत के साथ वारदात करना कबूला।
जमीन में गाड़कर छिपाई थी चांदी
अमन की निशानदेही पर खोंकर क्षेत्र में ठाकुर बाबा के चबूतरे के पास जमीन खोदकर चांदी बरामद की गई। वहीं दूसरे आरोपी अभिषेक रावत (19) की निशानदेही पर उसके गांव से भी चांदी निकाली गई। दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।









