मंदसौर/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले की सुवासरा विधानसभा में इन दिनों एक अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में एक हरबोला पेड़ की डाल पर बैठकर विधायक हरदीप सिंह डंग और सरदारजी की तारीफ में लोकगीत गाता नजर आ रहा है। आमतौर पर राजाओं, महाराजाओं और वीर योद्धाओं की शौर्य गाथाएं सुनाने वाले हरबोलों का यह अलग अंदाज अब सियासी चर्चाओं का केंद्र बन गया है।
सुवासरा में विचित्र घटना
सुभद्रा कुमारी चौहान की प्रसिद्ध कविता 'सिंहासन हिल उठे, राजवंशों ने भृकुटी तानी थी...' में हरबोलों के माध्यम से झांसी की रानी के शौर्य और वीरता की कहानी का जिक्र मिलता है। लेकिन सुवासरा में सामने आए इस वीडियो में हरबोला ऐतिहासिक वीरों की गाथाओं के बजाय स्थानीय विधायक की प्रशंसा करता दिखाई दे रहा है।
पेड़ की ऊंची डाल पर चड़ा हरबोला
वायरल वीडियो में हरबोला पेड़ की ऊंची डाल पर बैठकर लोकगीत के जरिए विधायक हरदीप सिंह डंग और सरदारजी का गुणगान कर रहा है। उसका यह अनोखा अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे मनोरंजक अंदाज में साझा कर रहे हैं, तो कुछ इस पर राजनीतिक तंज कस रहे हैं।
व्यंग्यात्मक सवालों की शुरु हुई बौछार
इस पूरे घटनाक्रम ने सुवासरा क्षेत्र में नई चर्चा छेड़ दी है। विधायक की तारीफ में पेड़ पर चढ़कर गीत गाने के इस अंदाज को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर जनप्रतिनिधियों के प्रचार और प्रशंसा के तरीके किस दिशा में जा रहे हैं। अब सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर व्यंग्यात्मक सवाल भी पूछे जा रहे हैं कि क्या विधायक के विकास कार्यों का बखान अब जमीन से ऊपर उठकर पेड़ों तक पहुंच गया है? फिलहाल, हरबोले का यह अनोखा अंदाज क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।









