MP Regular Trains: मध्य प्रदेश के लाखों रेल यात्रियों के लिए रेलवे बोर्ड से एक राहत देने वाली खबर सामने आई है। भोपाल रेल मंडल से होकर कई राज्यों को जोड़ने वाली 10 स्पेशल ट्रेनों को अब रेल मंत्रालय ने नियमित श्रेणी में शामिल कर दिया है। रेलवे के इस फैसले से सबसे बड़ा फायदा यात्रियों की जेब को होगा। दरअसल, अब तक स्पेशल ट्रेन का टैग होने के कारण इन गाड़ियों में रेलवे द्वारा विशेष किराया वसूला जाता था, जो कि सामान्य एक्सप्रेस ट्रेनों की तुलना में काफी ज्यादा होता था। अब इन सभी ट्रेनों के रेगुलर होने से यह स्पेशल चार्ज पूरी तरह खत्म हो जाएगा।
भोपाल मंडल के इन स्टेशनों की चमकेगी किस्मत
पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल रेल मंडल के तहत आने वाले कई स्टेशनों के यात्रियों को इस किराए की कटौती का सीधा लाभ मिलने जा रहा है। जिनमें भोपाल, रानी कमलापति, इटारसी, संत हिरदाराम नगर, नर्मदापुरम, बीना और हरदा स्टेशन शामिल है। इस रूट से हर महीने यात्रा करने वाले हजारों नौकरीपेशा लोगों, छात्र-छात्राओं और व्यापारियों को अब मुंबई, हैदराबाद, जयपुर, श्रीगंगानगर, ऋषिकेश, रीवा और जबलपुर जैसे महानगरों की यात्रा करने के लिए अपनी जेबें ज्यादा ढीली नहीं करनी पड़ेंगी।
बांद्रा-जबलपुर और रीवा-मुंबई हुईं रेगुलर
20153/20154 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) रीवा एक्सप्रेस: इटारसी रूट से गुजरने वाली इस ट्रेन के परमानेंट होने से विंध्य और मुंबई के बीच सफर करने वालों को बड़ा फायदा मिलेगा।
20163/20164 बांद्रा टर्मिनस जबलपुर एक्सप्रेस: इटारसी, नर्मदापुरम, भोपाल और संत हिरदाराम नगर से होकर गुजरने वाली इस ट्रेन के नियमित होने से महाकौशल से लेकर गुजरात/महाराष्ट्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
ये ट्रेन हुई नियमित
छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से रीवा
रीवा से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस
बांद्रा टर्मिनस से जबलपुर
जबलपुर से बांद्रा टर्मिनस
हुबली से योग नगरी ऋषिकेश
योग नगरी ऋषिकेश से हुबली
काचीगुड़ा से श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर से काचीगुड़ा
हैदराबाद से जयपुर
जयपुर से हैदराबाद
भोपाल PRO का बयान
इस बड़े फैसले को लेकर भोपाल रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल ने न्यूज़ वेबसाइट को बताया कि रेलवे बोर्ड का यह निर्णय भोपाल रेल मंडल के लाखों पैसेंजर्स के लिए बहुत बड़ी राहत लेकर आया है। स्पेशल ट्रेनों को परमानेंट एक्सप्रेस में बदलने से न केवल उनका हर यात्रा पर किराया कम होगा, बल्कि इन रूटों पर नियमित यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों को भी रिजर्वेशन और किराए दोनों में बड़ा आर्थिक लाभ होगा।











