राणापुर/नावेद रज़ा/खबर डिजिटल/राणापुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढोल्यावाड में रविवार शाम करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उदयगढ़ की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में मृतकों की पहचान विजय सुमरिया भयडिया और मुकेश एटा भयडिया के रूप में हुई है। वहीं राजकिशन मेहताब गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
टक्कर मारकर डंपर चालक फरार
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राणापुर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। पुलिस फरार डंपर और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।









