उज्जैन/ कमलेश जाटवा/ खबर डिजिटल/ जिले के माकड़ोन थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लहसुन की फसल की आड़ में उगाई जा रही अफीम का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक रंजन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस को 5 फरवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम नांदेड-देवली रोड स्थित एक खेत में प्रतिबंधित अफीम की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत की घेराबंदी की और तलाशी ली। जांच के दौरान लहसुन की कतारों के बीच अफीम के पौधे उगाए जाने का खुलासा हुआ।
कार्रवाई में पुलिस ने 26 गठ्ठरों में कुल 1300 अफीम के पौधे बरामद किए। जब्त पौधों का कुल वजन करीब 6 किलो 100 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले में संबंधित किसान को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









