उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद नई ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछली अंतिम मतदाता सूची के मुकाबले राज्य में 18 लाख 84 हजार 113 नए मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 पहुंच गई है। इस नई सूची में महिला मतदाताओं की संख्या में पुरुषों के मुकाबले अधिक इजाफा दर्ज किया गया है।
पुरुष और महिला मतदाताओं के आंकड़े
जारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में कुल पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 हो गई है, जबकि महिला मतदाताओं का आंकड़ा बढ़कर 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 पर पहुंच गया है। इसके अलावा तीसरे लिंग के 4,042 मतदाता भी पंजीकृत हैं। आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या में करीब 3 लाख 9 हजार अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, 18 से 19 वर्ष की आयु वर्ग के युवा मतदाताओं की संख्या में 5 लाख 80 हजार 8 की कमी आई है, जिसका मुख्य कारण इन युवाओं का 20 वर्ष की आयु पार करना बताया गया है।
16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां
ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही आम नागरिकों के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक चलेगी, जिसके तहत पात्र नागरिक नाम जुड़वाने, सुधार कराने या नाम हटाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके निस्तारण के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके लिए फॉर्म-6, 7, 8 और 6ए का उपयोग किया जा सकता है। साथ ही, 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे।
ऑनलाइन और बूथ स्तर पर ऐसे चेक करें नाम
मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के लिए नागरिक निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in या मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा ECINET मोबाइल ऐप या अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के पास उपलब्ध सूची के माध्यम से भी नाम की पुष्टि की जा सकती है।









