उज्जैन/खबर डिजिटल/ पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने सोमवार को उज्जैन एवं आसपास के रेलवे स्टेशनों का दौरा कर सिंहस्थ-2028 को लेकर चल रही रेलवे परियोजनाओं और आधारभूत संरचना विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) अक्षय कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सिंहस्थ को ध्यान में रखकर कवायद
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने सिंहस्थ महापर्व को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक रेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उज्जैन स्टेशन का भी किया दौरा
महाप्रबंधक के दौरे की शुरुआत उज्जैन रेलवे स्टेशन से हुई, जहां यात्री सुविधाओं के विस्तार और निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया गया। इसके बाद उन्होंने पिंगलेश्वर, पवासा, नई खेड़ी, मोहनपुरा, विक्रमनगर और चिंतामन गणेश रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर प्लेटफॉर्म विस्तार, यात्री सुविधाओं, आवागमन व्यवस्था और अन्य अधोसंरचना कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
प्रगति रिपोर्ट का किया अवलोकन
बाद में आयोजित समीक्षा बैठक में महाप्रबंधक ने विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए कहा कि सिंहस्थ-2028 पश्चिम रेलवे की प्राथमिकता वाली परियोजना है। इसके सफल संचालन के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यों की गुणवत्ता के बारे में ली जानकारी
दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने उज्जैन में निर्माणाधीन मल्टी डिसिप्लिनरी जोनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एमडीजेडटीआई) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान के कार्यालय भवन, महिला एवं पुरुष छात्रावास, प्रशिक्षण कक्ष, रसोई, प्रशासनिक भवन तथा अन्य निर्माणाधीन इकाइयों का अवलोकन कर कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। इस अवसर पर महाप्रबंधक और अन्य अधिकारियों ने निर्माणाधीन जोनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट परिसर में पौधारोपण भी किया।
गुणवत्ता से नहीं किया जाएगा समझौता
रामाश्रय पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि रेलवे की आधारभूत संरचना के विकास में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की सतत निगरानी करने और तय समयसीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार और अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) अक्षय कुमार ने सिंहस्थ-2028 से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्ययोजना और समयबद्ध क्रियान्वयन की जानकारी प्रस्तुत की। महाप्रबंधक ने अब तक की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधार संबंधी सुझाव भी दिए। इस अवसर पर इंजीनियरिंग, परिचालन, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, वाणिज्य, संरक्षा तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।









