गुना/तेज सिंह यादव/खबर डिजिटल/ राघौगढ़ तहसील के रामनगर स्थित श्रीराम वेयरहाउस में वर्ष 2025 के दौरान शासन द्वारा की गई गेहूं खरीदी में गंभीर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। किसानों से खरीदे गए गेहूं की तुलाई को लेकर अब सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, श्रीराम वेयरहाउस पर किसानों से गेहूं की तुलाई प्रति बोरी 50 किलो 700 ग्राम की गई थी। वहीं, जब यही गेहूं रामनगर स्थित शासकीय राशन दुकान पर वितरण के लिए पहुंचा और दोबारा तौला गया, तो प्रति बोरी वजन 52 किलो 700 ग्राम पाया गया। इससे हर बोरी में लगभग 2 किलो गेहूं का अंतर सामने आया है।
गड़बड़ी कहां हुई? उठे सवाल
अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि वेयरहाउस पर गेहूं 50.700 किलो तौला गया था, तो वही बोरी राशन दुकान पर 52.700 किलो कैसे हो गई। इससे तुलाई केंद्र पर किसानों के साथ गड़बड़ी या किसी स्तर पर मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।
SDM ने लिया संज्ञान
इस पूरे मामले की जानकारी समाजसेवी बलबंत सिंह यादव ने राघौगढ़ एसडीएम को दी, साथ ही तुलाई से जुड़े वीडियो भी सौंपे। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने फूड विभाग को जांच के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने कहा है कि जांच रिपोर्ट जल्द आएगी और यदि कोई भी अनियमितता पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









