Monday, November 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशFree Scooty: योगी आदित्यनाथ का बड़ा ऐलान, 50 हजार बेटियों को मिलेगी...

Free Scooty: योगी आदित्यनाथ का बड़ा ऐलान, 50 हजार बेटियों को मिलेगी स्कूटी, इन महिलाओं का बस किराया होगा फ्री

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को महिलाओं और छात्राओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. उन्होंने बताया कि स्नातक स्तर पर पढ़ाई कर रही 50 हजार छात्राओं को अक्टूबर और नवंबर के दौरान स्कूटी वितरित की जाएगी. मुख्यमंत्री ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना की शुरुआत भी की. इस योजना के तहत 60 साल या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी.

रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा

मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए 27, 28 और 29 अगस्त को महिलाओं के लिए विशेष सुविधा का ऐलान किया. इन तीन दिनों में महिलाएं रोडवेज और सिटी बसों में अपने साथ एक सहयात्री को लेकर बिना किराया यात्रा कर सकेंगी. इसके बाद 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को नियमित रूप से मुफ्त बस यात्रा का लाभ देने की व्यवस्था लागू होगी.

अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर योजना

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व की चर्चा लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के बिना पूरी नहीं हो सकती. उन्होंने अपने शासनकाल में सुशासन, सामाजिक सरोकार और महिला सशक्तिकरण की मिसाल कायम की थी. इसी प्रेरणा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से योजना का नाम उनके सम्मान में रखा गया है.

मुख्यमंत्री के मुताबिक उत्तर प्रदेश में महिलाओं की आबादी करीब साढ़े 12 करोड़ है. सरकार का लक्ष्य बेटियों और महिलाओं को सुरक्षा देने के साथ उन्हें शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना है. उनका कहना था कि बेटी के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार और भविष्य के सपनों तक सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहयोग कर रही है.

महिला सुरक्षा के लिए तकनीक पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति केंद्र, एआई आधारित सेफ सिटी नेटवर्क, 1090 और 112 जैसी व्यवस्थाएं काम कर रही हैं. सरकार महिला सुरक्षा के मामले में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी.

उन्होंने अहिल्याबाई होल्कर के योगदान को याद करते हुए कहा कि कठिन दौर में भी उन्होंने सुशासन और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का काम किया. काशी विश्वनाथ और सोमनाथ सहित देश के कई प्रमुख मंदिरों के पुनरुद्धार में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा.

कामकाजी महिलाओं के लिए बनेंगे हॉस्टल

योगी ने बताया कि प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, आगरा, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, प्रयागराज, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और झांसी में अहिल्याबाई होल्कर के नाम से कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास तैयार किए जा रहे हैं. इन हॉस्टलों में प्रत्येक स्थान पर 500 कामकाजी महिलाओं के लिए मुफ्त रहने की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है.

2017 से पहले की सरकार पर निशाना

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा को लेकर लोगों में भय का माहौल था. उनके अनुसार उस समय महिला हेल्पडेस्क, प्रभावी हेल्पलाइन, सीसीटीवी व्यवस्था और महिला बीट पुलिस जैसी सुविधाएं पर्याप्त रूप से मौजूद नहीं थीं. योगी ने दावा किया कि पहले सरकारी योजनाओं के लाभ में बिचौलियों की भूमिका रहती थी, जबकि अब लाभ सीधे पात्र लोगों के बैंक खातों तक पहुंचाया जा रहा है.

महिला पुलिसकर्मियों की संख्या में बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 2017 के करीब 10 हजार से बढ़कर अब लगभग 45 हजार हो चुकी है. उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत हिस्सेदारी सुनिश्चित की गई है और करीब 32 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी चल रही है. उनके मुताबिक तकनीक और बेहतर पुलिस व्यवस्था के कारण महिलाओं की सुरक्षा को अब अधिक व्यवस्थित तरीके से मजबूत किया गया है. सरकार चाहती है कि बेटियां बिना डर के पढ़ाई, नौकरी और कारोबार कर सकें तथा सुरक्षित घर लौट सकें.

सम्बंधित ख़बरें

लेटेस्ट