मथुरा/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ सोशल मीडिया स्टार और ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ के विनर एल्विश यादव ने माता राधा रानी और भगवान श्रीकृष्ण की शरण ली है। वो हाल ही में
वृंदावन पहुंचे, यहां उन्होंने संत प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन कर उनसे आशीर्वाद लिया और उनके सामने एक बड़ा वादा किया। वहीं उनकी मुलाकात के वीडियो को जमकर वायरल किया जा रहा है।
एल्विश यादव को प्रेमानंद जी की सलाह
चर्चा के दौरान संत प्रेमानंद जी महाराज ने एल्विश यादव से पूछा, ‘क्या तुम भगवान का नाम जपते हो?’ जब एल्विश ने मुस्कुराते हुए ‘नहीं’ कहा, तो महाराज ने प्रेमपूर्वक समझाया- ‘तुम आज सफल हो, ये तुम्हारे पिछले जन्म के अच्छे कर्म हैं, लेकिन आज के कर्मों का क्या? भगवान का नाम लोगे तो जीवन में स्थिरता आएगी.’ फिर उन्होंने एल्विश से कहा कि वे रोजाना एक अंगूठी पहनें और 10,000 बार ‘राधा’ नाम का जप करें। जिस पर एल्विश ने बिना झिझक वादा किया कि वो राधा रानी के नाम का स्मरण करेंगे। भगवान की भक्ति को लेकर प्रेमानंद जी महाराज ने एल्विश यादव को नया गुर सिखाया और कहा कि ‘अगर तुम हाथ में शराब लेकर वीडियो बनाओगे, तो लाखों लोग तुमसे वही सीखेंगे, लेकिन अगर तुम भक्ति करोगे, तो वही लोग राधा नाम जपना शुरू करेंगे।’ इस पर एल्विश ने कहा कि वह अब से अपनी छवि और कर्म दोनों पर ध्यान देंगे ताकि उनके प्रशंसक सही दिशा में प्रेरित हों।
प्रेमानंद जी महाराज को किया दंडवत प्रणाम
वृंदावन के आश्रम में एल्विश यादव ने संत प्रेमानंद जी महाराज को दंडवत प्रणाम किया। मुलाकात के दौरान वो महाराज के सामने बैठकर उनकी बातों को ध्यान से सुनते रहे। उन्होंने संत से उनके स्वास्थ्य के बारे में भी पूछा, जिस पर महाराज ने बड़ी सहजता से कहा- ‘अब शरीर कितना भी संभाल लो, जाना तो सबको ही है।’ इस बात पर एल्विश यादव ने भावुकता के साथ संतों के बताए मार्ग पर चलने का निश्चय किया।
प्रेमानंद जी ने बताई आपबीती
संत प्रेमानंद जी महाराज ने अपनी सेहत की जानकारी भी एल्विश यादव से शेयर की, बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘मेरी दोनों किडनी खराब हो चुकी हैं, लेकिन भगवान की कृपा से अभी भी भक्तों से मिल पा रहा हूं.’ भक्तों के लिए ये पल भावुक कर देने वाला था। महाराज की ये विनम्रता देखकर एल्विश सहित सभी उपस्थित लोग उनकी दृढ़ता और भक्ति से प्रभावित हुए।
