भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ तीनों कफ सिरप- कोल्ड्रिफ, रेस्पिफ्रेशटीआर और रिलाइफ तीनों कफ सिरप पर पूपी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने विश्व स्वास्थ्य संगठन को सूचित किया है कि तीनों कफ सिरप को बाजार से वापस मंगा लिया गया है, और संबंधित कंपनियों को इनका उत्पादन रोकने का आदेश दिया गया है। साथ ही बताया गया कि इनमें से किसी सिरप का भारत से दूसरे देशों में निर्यात नहीं हुआ है।
भारतीय अधिकारियों ने दी जानकारी
भारतीय अधिकारियों से विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पूछा था कि क्या बच्चों की मौत से जुड़े कफ सिरप अन्य देशों में निर्यात किए गए थे। WHO ने कहा कि वह मध्य प्रदेश और राजस्थान में कफ सिरप पीने से हुईं बच्चों की मौतों की हालिया मीडिया रिपोर्टों पर नजर रख रहे हैं। इन मामलों में एक्यूट रीनल फेल्यर और एक्यूट एन्सेफलाइटिस सिंड्रोम जैसे लक्षण दिखे हैं, जिनका संबंध ओरल सिरप के उपयोग से है।
मेडिकल स्टोर्स से मंगाई तीनों कफ सिरप
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने विश्व स्वास्थ्य संगठन को जानकारी दी है कि कोल्ड्रिफ, रेस्पिफ्रेशटीआर और रिलाइफ को मेडिकल स्टोर्स से वापस मंगा लिया गया है, और निर्माताओं को इनका उत्पादन रोकने का आदेश दिया गया है। इससे पहले CDSCO ने बुधवार को WHO को बताया था कि इनमें से किसी भी कफ सिरप का भारत से दूसरे देशों में निर्यात नहीं किया गया है।
प्रदेशों के ड्रग कंट्रोलर्स से किया आग्रह
ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने बुधवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ड्रग कंट्रोलर्स से अपील की और कहा कि मध्य प्रदेश में कथित तौर पर दूषित कफ सिरप के कच्चे माल और तैयार दवाओं का बाजार में रिलीज से पहले परीक्षण सुनिश्चित करें। DCGI की एक एडवाइजरी में कहा गया कि हाल की जांच में कई दवाओं को मानक गुणवत्ता वाला नहीं पाया गया। परीक्षण में पाया गया कि इन दवाओं का प्रोडक्शन करने वाली कंपनियां रॉ मैटेरियल का निर्धारित मानकों के अनुपालन के लिए परीक्षण नहीं कर रही हैं।


