कटनी – शहर का मुख्य प्रवेश द्वार माने जाने वाला कटनी रेलवे स्टेशन चौक इन दिनों यातायात अव्यवस्था का केंद्र बन गया है। चौक पर दिनभर दोपहिया वाहनों और ई-रिक्शा की अनियमित पार्किंग से ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। खासकर शाम के समय स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रेलवे स्टेशन के बाहर सड़क के दोनों ओर ई-रिक्शा चालक और ऑटो चालक मनमाने ढंग से वाहन खड़े कर लेते हैं। वहीं दोपहिया वाहन भी बेतरतीब तरीके से सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है। परिणामस्वरूप कुछ ही समय में लंबा जाम लग जाता है, जिससे पैदल यात्रियों और स्कूली बच्चों को निकलना मुश्किल हो जाता है।
नागरिकों ने बताया कि पुलिस प्रशासन और ट्रैफिक विभाग को कई बार इस समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अक्सर देखा जाता है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी चौक के पास रहते हुए भी अव्यवस्थित पार्किंग पर ध्यान नहीं देते, जिससे वाहन चालकों में लापरवाही बढ़ रही है।
स्टेशन क्षेत्र शहर का सबसे व्यस्त इलाका होने के बावजूद यातायात नियमों का पालन न के बराबर है। बिना अनुमति के खड़े ई-रिक्शा और अवैध ठेले-खोमचे भी जाम की समस्या को और बढ़ा रहे हैं। शाम के समय जब ट्रेनें आती-जाती हैं, तब स्थिति और भी भयावह हो जाती है।
शहरवासियों का कहना है कि अगर पुलिस प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाए तो रेलवे स्टेशन चौक पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने मांग की है कि यहां ट्रैफिक पुलिस की स्थायी ड्यूटी लगाई जाए, अवैध पार्किंग पर चालानी कार्रवाई की जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारू किया जाए।


