बैतूल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के बैतूल में जमकर बवाल हो गया, जब मुलताई में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक शिशुपाल यादव के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। इसके बाद जमकर हंगामा हुआ। आरएसएस प्रचारक शिशुपाल यादव ने बताया कि वो शाम करीब साढ़े 5 बजे अपनी मोटरसाइकिल से बाहर निकले थे, तभी शाहरुख, शोहेल, आबिद और जुनेद नामक युवकों ने रास्ते में उन्हें रोककर गाली-गलौज करने के बाद मारपीट करना शुरु कर दी। तलवार से वार करने के साथ उनके साथी भवानी की चैन छीन ली और जान से मारने की धमकी तक दी। जिसकी शिकायत उन्होंने थाने में दर्ज कराई है। वहीं मामले में थाना प्रभारी को लाइन अटैच करने के साथ दो सब इंस्पेक्टरों को निलंबित कर दिया गया है।
5 आरोपियों को किया गिरफ्तार
बैतूल जिले के मुलताई में RSS के जिला प्रचारक शिशुपाल यादव के बाद गुरुवार शाम को दो समुदाय आमने सामने आ गए। हंगामे के मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कुल 30 लोगों पर केस दर्ज किया गया। वहीं बैतूल एसपी वीरेंद्र जैन ने लापरवाही बरतने को लेकर देर रात दो सब इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया है। वहीं, थाना प्रभारी को पहले ही लाइन अटैच कर दिया गया था। शहर में धारा 163 (144) लगा दी गई है।
आरोपियों के घर के सामने लगी भीड़
संघ के प्रचारक से मारपीट के मामले में लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। जिन युवकों ने जिला प्रचारक के साथ मारपीट की, उनके घरों के सामने भी लोग जमा हो गए। प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। कई जगह ठेले पर लगी फलों की दुकानों को भी पलटा दिया। जिसके कारण मार्केट की दुकानें बंद हो गई।
भारी पुलिसबल किया तैनात, स्कूलों की छुट्टी
मुलताई के विवाद के बाद जिलेभर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अमला, आठनेर, प्रभात पट्टन और बैतूल सहित आसपास के थानों से पुलिसकर्मी बुलाए गए हैं। शहर के मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिसबल की तैनाती की गई है। वहीं सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
शांति की अपील के साथ आरोपियों पर केस दर्ज
मामले को लेकर थाना प्रभारी देवकरण डहेरिया को लाइन अटैच किया गया। सब इंस्पेक्टर छत्रपाल धुर्वे और रघु काकुड़े को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने के साथ शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं पुलिस ने आरएसएस प्रचारक की शिकायत पर शाहरुख, शोहेल, आबिद, जुनैद, अलताफ खान, हिमांशु, फैलज, शाहिल, अकबर अली, शोयब, सुफियान, हमजर, अनस और आवेश पर मारपीट का केस दर्ज किया है।


