भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ दिवाली का त्यौहार नजदीक है, ऐसे में एक बार फिर पटाखे जलाने से वातावरण को नुकसान की चर्चा होने लगी है। इसी बीच छतरपुर के बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बयान सामने आया, उन्होंने कहा कि ‘पटाखों पर ज्ञान न पेलें, हम बकरीद-ताजिए पर ज्ञान नहीं देते, पटाखे फोड़ेंगे, यह हमारी परंपरा है और हम इसे निभाएंगे।
बॉलीवुड स्टार्स की अपील पर बोले
शनिवार को धीरेंद्र शास्त्री मुंबई में सिद्धि विनायक गणेश मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे। यहां मीडिया से बात करते हुए किसी ने उनसे दिवाली पर पटाखों से प्रदूषण होने और बॉलीवुड अभिनेताओं द्वारा पटाखे न फोड़ने की अपील को लेकर सवाल किया। इसी को लेकर धीरेंद्र शास्त्री ने ज्ञान न देने की बात कही और पटाखे जलाने को अपनी परंपरा का हिस्सा करार दिया।
हिंदू त्यौहारों पर मुद्दा बनाने पर भड़के
पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि प्रदूषण एक गंभीर विषय है, लेकिन यह मुद्दा केवल हिंदू त्योहारों के समय ही क्यों उठाया जाता है। उन्होंने अभिनेताओं से सभी धर्मों के पर्वों को समान दृष्टि से देखने और ज्ञान न देने की अपील की और कहा कि त्यौहारों का मकसद खुशी, शांति और आपसी भाईचारे को बढ़ाना होना चाहिए। धर्म चाहे कोई भी हो, सभी को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।
‘आई लव मुहम्मद’ का किया समर्थन
पं. धीरेंद्र शास्त्री ने ‘आई लव मुहम्मद’ को लेकर मचे बवाल को लेकर कहा कि अगर कोई ‘आई लव मुहम्मद’ बोलता है तो वह गलत नहीं है। वैसे ही अगर कोई ‘आई लव महादेव’ कहता है तो वह भी बुरा नहीं है। हर किसी को अपने धर्म से प्रेम करने का अधिकार है और इसका सम्मान होना चाहिए, लेकिन सिर तन से जुदा जैसे नारे और विचार न तो हिंदू समाज सहन करेगा और न ही भारत का कानून। अगर कोई छेड़ेगा तो छोड़ा नहीं जाएगा।


