इंदौर/नरेंद्र महावर/खबर डिजिटल/ इंदौर में एक बार फिर बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला की बस का कहर दिखाई दिया। शुक्ला ब्रदर्स की बस ने स्कूटी सवार महिला को सामने से टक्कर मार दी। बस पर स्पष्ट रुप से बाणेश्वरी ट्रेवल्स और गोलू लिखा हुआ था, जोकि पहचान है कि यह बस बीजेपी विधायक की कंपनी की है। वहीं टक्कर मारने के बाद बस ड्राइवर ने भागने की कोशिश की, जिसे लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
राहगीरों ने की मां-बेटी की मदद
तुकोगंज थाना पुलिस के अनुसार, खजराना की रहने वाली 29 वर्षीय अर्शी पति इरशाद अली अपनी 9 वर्षीय बेटी जर्निश के साथ स्कूटी से जा रही थीं। राजकुमार ब्रिज के पास सामने से आ रही तेज़ रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद मां-बेटी सड़क पर गिर गई, जिन्हें राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया।
एक बार फिर ड्राइवर की लापरवाही उजागर
पहले भी बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला के ड्राइवरों के कारण हादसे हो चुके हैं, वहीं अबकी बार भी लोगों ने बताया कि बस ड्राइवर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद वह भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। जिस मौके पर पहुंची पुलिस थाने ले गई।
बाणेश्वरी ट्रेवल्स की बस ने 4 को कुचला था
गौरतलब है कि 18 सितंबर की रात को बाणेश्वरी ट्रेवल्स की बस ने चार लोगों को टक्कर मार दी थी। इसमें एक ही परिवार के चार लोगों पति-पत्नी और उनके दो बेटों की मौत हो गई थी। जिसमें ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए थे। इसी तरह कुछ दिन पहले अंधगति से बस चलाने के मामले में बाणेश्वरी ट्रेवल्स के ड्राइवर को लोगों ने पीट दिया था। घटना अरविंदो हॉस्पिटल के पास बीकानेर स्वीट्स के सामने की थी।


