दमोह/ वैभव नायक/ खबर डिजिटल/ सामाजिक पंचायत में पैर धुलाकर पानी पिलाने के मामले में पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई जारी है। घटना में संज्ञान लेकर मामला दर्ज करते हुए दो लोगों की गिरफ्तारियां की गई। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनाती की है। दोनों पक्षों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए, ग्रामीणों को समझाइश का दौर भी जारी है।
कलेक्टर और एसपी ने दी जानकारी
पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी और कलेक्टर सुधीर कोचर अब तक हुई कार्यवाही के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्रवाई का दायरा बढ़ाया जा रहा है। ताकि कोई भी आरोपी घटना में बच ना पाए, और अन्य लोगों को भी इस तरह की करतूत करने से पहले सख्त हिदायत मिले।
क्या है पूरा मामला
जिले के पटेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो डालने के चलते सामाजिक पंचायत ने पैर धुलवाकर पैरों का पानी पिलाए जाने की वीडियो वायरल हुआ था। पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद लोग आक्रोशित हो गए, एक जाति के लोगों में गुस्सा दिखाई दिया। वहीं सामाजिक स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रशासन ने मोर्चा संभाला। कुछ संगठनों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना के पीछे की वजह सोशल मीडिया पर एडिट कर डाली गई आपत्तिजनक फोटो और अवैध शराब बेचे जाने का विवाद था।


