झाबुआ/नावेद रजा/खबर डिजिटल/आगामी दीपावली त्यौहार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशन में एडीएम श्री चंदरसिंह सोलंकी द्वारा गठित दल ने 14 अक्टूबर 2025 को जिले के अलग-अलग क्षेत्र में कार्यवाही कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम तथा विधिक माप विज्ञान अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किये। संयुक्त दल से दो टीम गठित कर एक टीम द्वारा राणापुर एवं पारा तथा दूसरी टीम द्वारा मेघनगर व मदरानी में कार्यवाही की गई।
नमकीन निर्माण इकाई को नोटिस
खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह अलावा द्वारा जवाहर मार्ग राणापुर स्थित जय बजरंगी नमकीन के नमकीन निर्माण स्थल से सेंव तथा मिर्ची पाउडर का नमूना लिया गया तथा निर्माण कार्य में संलग्न कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं पाए जाने की स्थिति में नोटिस जारी किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त श्रीनृसिंह महाराज नमकीन राणापुर, पारा स्थित राजेंद्र रेस्टोरेंट, सोनी किराना, जय बजरंग रेस्टोरेंट, माँ कृपा रेस्टोरेंट, लक्ष्मी रेस्टोरेंट, एवं भारत रेस्टोरेंट से जाँच हेतु गुलाब जामुन, सोन पपड़ी, बर्फी, मोतीचूर लड्डू, नुक्ती, जलेबी, घी इत्यादि के कुल 16 नमूने लिए गए
नापतोल विभाग द्वारा 500 ग्राम पर 24 ग्राम कम मिठाई तौलने पर प्रकरण दर्ज
संयुक्त दल की दूसरी टीम द्वारा जिले के ग्राम मदरानी व मेघनगर में निरीक्षण कर नापतौल निरीक्षक श्री कपिल कदम ने विधिक माप विज्ञान अधिनियम के तहत अरिहंत ट्रेडर्स एवं नवदुर्गा बिकानेरी मिष्ठान भंडार पर इलेक्ट्रॉनिक काँटे का सत्यापन प्रमाण पत्र नहीं एवं मिठाई तौलते समय डब्बे का वजन साथ में करने पर प्रकरण दर्ज किये गए। जिन्हें वरिष्ठ कार्यालय को भेजा जा रहा है।
साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री वेलसिंह मोरी द्वारा किराना व मिठाई दुकानों के निरीक्षण कर मिल्क केक, बर्फी, मावा, पनीर, गुलाब जामुन, टोस्ट, हल्दी पाउडर के कुल 08 नमूने जाँच में लिए गए है। त्योहारों के समय को दृष्टिगत रखते हुए ऐसे निरीक्षण आगामी दिनों में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ की जानकारी तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को उपलब्ध कराएं। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राहुल सिंह अलावा, वेलसिंह मोरी, नापतौल निरीक्षक श्री कपिल कदम व श्री संजय पाँचाल उपस्थित रहे।


