Khabar Digital: कटनी के बरही थाना क्षेत्र में पुलिस पर चोरी के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर उसकी भाभी से मारपीट करने का आरोप है। पीड़िता ने गुरुवार को कटनी एसपी कार्यालय पहुंचकर उच्चाधिकारियों से मामले की शिकायत की है।
बरही थाना क्षेत्र के पथरहटा ग्राम निवासी सुशीला बाई यादव (26) ने एसडीओपी उमराव सिंह को लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर को उनके देवर नितेश यादव पर चोरी का आरोप लगाते हुए बरही थाने के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) दिनेश गौतम और दो अन्य पुलिसकर्मी उन्हें पकड़ने आए थे।
देवर को बिना कपड़ों के ले जाने के विरोध पर पुलिस ने की मारपीट
पीड़िता ने बताया कि पुलिसकर्मी उनके देवर को बिना कपड़ों के ही जबरन थाने ले जा रहे थे। जब मैंने इसका विरोध किया और पुलिसकर्मियों को रोकने की कोशिश
की, तो एएसआई दिनेश गौतम ने कथित तौर पर उनसे मारपीट की और उन्हें गाड़ी से धक्का दे दिया। इस घटना में सुशीला बाई के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद एसपी कार्यालय में की शिकायत
कथित मारपीट के बाद परिजनों ने पीड़िता को तत्काल विजयराघवगढ़ के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया , जहां उनका दो दिनों तक इलाज चला। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गुरुवार को उन्होंने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एएसपी बोले–आरोप सही पाए जाने पर होगी कार्रवाई
कटनी के अतिरिक्त एएसपी डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि महिला का देवर नितेश यादव चोरी के मामले में आरोपी है। उसके कब्जे से चोरी का समान भी बरामद किया गया है और वह वर्तमान में पुलिस रिमांड पर है।
एएसपी डॉ. डेहरिया ने पुष्टि की कि उन्हें महिला की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि शिकायत के संबंध में विस्तृत जांच कराई जाएगी और अगर आरोप सही पाए जाते है, तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


