भोपाल/खबर डिजिटल। हबीबगंज थाना पुलिस ने आगामी नव वर्ष उत्सव के मद्देनज़र शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने वारंटी ईश्वर पारे पिता अशोक पारे निवासी मीरा नगर, भोपाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त जोन-01 भोपालआशुतोष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रश्मि अग्रवाल दुबे एवं सहायक पुलिस आयुक्त उमेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव चौकसे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी वारंटी के ठिकाने पर दबिश दी और उसे हिकमत अमली से गिरफ्तार किया।
आईपीसी के तहत मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध अप. क्र. 24/2019, धारा 294, 323, 506, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज है, जिसके संबंध में स्थाई वारंट (RT Cr. 7494/19) जारी किया गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आगामी त्योहारों एवं नव वर्ष के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शहरभर में वारंट तामीली अभियान तेज किया गया है। असामाजिक और आपराधिक प्रवृत्ति के तत्वों पर निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव चौकसे, प्रधान आरक्षक राजकुमार साहू और आरक्षक अखलेश शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।


