सौरभ श्रीवास्तव/खबर डिजिटल/कटनी* – विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक ने आज भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट कर बरही–मैहर मार्ग पर महानदी के ऊपर बने क्षतिग्रस्त कुटेश्वर पुल के सुधार कार्य को लेकर महत्वपूर्ण मांग रखी। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर निर्माण एजेंसी बदलने और पुल की मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का आग्रह किया।बताया गया कि 26 करोड़ रुपए की लागत से इस पुल का सुधार कार्य होना है, लेकिन पुल की तकनीकी जटिलताओं के कारण अब तक तीन बार टेंडर प्रक्रिया होने के बाद भी ठेकेदार काम छोड़ चुके हैं। विधायक पाठक ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि इस कार्य को सेतु निर्माण निगम के बजाय बाणसागर परियोजना के माध्यम से कराया जाए, ताकि अनुभवयुक्त इंजीनियरिंग टीम द्वारा कार्य शीघ्र पूरा हो सके।यह पुल बरही–मैहर मार्ग पर बाणसागर बैकवॉटर के ऊपर स्थित है, जो मैहर से अमरकंटक को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। पुल पिछले तीन वर्षों से क्षतिग्रस्त है, जिसके कारण भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित है और केवल छोटे वाहनों को ही निकलने दिया जा रहा है।क्यों बंद है कुटेश्वर का पुल?तीन साल पहले पुल के पियर क्रमांक 10 के डेक स्लैब के केंटिलीवर भाग में डिफ्लेक्शन पाया गया था। इस वजह से पुल पर भारी वाहनों के गुजरने से अधिक कंपन और दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पुल को भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया था।स्थानीय विधायक संजय पाठक ने क्षेत्रीय जनता की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए तत्कालीन कलेक्टर के माध्यम से तकनीकी जांच कराई, जिसके बाद छोटे वाहनों के लिए पुल खोला गया। लेकिन अब भी बस, ट्रक, हार्वेस्टर जैसे बड़े वाहनों के न चल पाने से कृषि कार्यों और दैनिक जीवन पर व्यापक असर पड़ा है।विधायक पाठक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि पुल का सुधार कार्य पुनः बाणसागर परियोजना के माध्यम से कराया जाए, क्योंकि मूल रूप से यही एजेंसी इस पुल के निर्माण की जिम्मेदार थी और उसके पास आवश्यक तकनीकी अनुभव भी है।
विधायक संजय पाठक ने की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट — कुटेश्वर पुल के सुधार कार्य के लिए एजेंसी बदलने का किया आग्रह
सम्बंधित ख़बरें


