Khandwa News: हरेंद्रनाथ ठाकुर/खबर डिजिटल/ खंडवा रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से यात्री के गिरने और आरपीएफ जवान द्वारा सेकेण्ड भर में उसे बचाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो देखकर लोग यही कह रहे हैं कि बचाने वाला मारने वाले से हमेशा बड़ा होता है, फिर जीवन में मौत भले ही पास से छू कर क्यों न चली जाए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
तस्वीर देखकर आपके भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे। तस्वीर खंडवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 की है। जहां हजूर साहिब नांदेड़ एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 22709 खंडवा रेलवे स्टेशन पर जब 2 मिनट के लिए रुकी, तभी महाराष्ट्र के हिंगोली के रहने वाले एक यात्री अरुण पानी भरने नीचे उतर गया। जब तक वह पानी भर कर लौट रहा था ट्रेन तब तक चल गई। ट्रेन चलने के दौरान वो जैसे ही ट्रेन पर चढ़ता, उसका पैर फिसल गया और वो ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच में आ गया और रगड़ता हुआ चला जा रहा था। इतने में प्लेटफार्म पर बैठे आरपीएफ जवान संतोष यादव ने दौड़कर तुरंत ही उस यात्री को बाहर खींच लिया। इस दौरान आगे जाकर ट्रेन भी रुक गई। हालांकि आरपीएफ जवान की सूझबूझ से यात्री को ज्यादा चोट नहीं आई।
यात्री को प्राथमिक उपचार के बाद किया रवाना
यात्री को प्राथमिक उपचार के बाद उसी गाड़ी से रवाना कर दिया गया। खंडवा रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी में यह पूरा माजरा कैद हो गया, और यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया। इस घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर RPF पुलिस को सभी सैल्यूट करते हुए जमकर कसीदे पढ़ रहे हैं।


