आलीराजपुर/संजय वाणी/खबर डिजिटल/ जिले में सड़क सुरक्षा और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए जोबट थाना परिसर में ‘हमें चालान नहीं, हेलमेट चाहिए’ अभियान के तहत एक भव्य जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन, जनप्रतिनिधि, ग्राम सुरक्षा समिति सदस्य, स्वास्थ्य व राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने कहा कि हेलमेट पहनना दंड से बचने का उपाय नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का कवच है।
एसपी रघुवंश सिंह ने दी जानकारी
उन्होंने बताया कि जिले के सभी थानों में ‘हेलमेट बैंक’ स्थापित किए गए हैं, जहां सक्षम नागरिक हेलमेट दान कर सकते हैं और जरूरतमंद चालकों को निःशुल्क वितरित किए जाते हैं। कार्यक्रम में जोबट थाने में संचित 135 हेलमेटों का वितरण किया गया और उपस्थित नागरिकों को हेलमेट पहनने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही साइबर क्राइम और महिला सुरक्षा पर भी जनजागरूकता सत्र आयोजित हुआ, जिसमें SP सिंह ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए और महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा पर बल दिया।
‘आपणा माणसेन आपणी पुलिस’
इस अवसर पर एसपी सिंह ने नई पहल ‘आपणा माणसेन आपणी पुलिस–भरोसे के साथ, सुरक्षा में सहयोग’ की भी घोषणा की। यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंवाद, सामाजिक सहभागिता, नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण और अपराध नियंत्रण के लिए शुरू किया गया है। कार्यक्रम के अंत में सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर SP सिंह ने वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसमें पुलिसकर्मी, सामाजिक संगठन और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, एसडीओपी रविंद्र राठी, तहसीलदार जोबट, थाना प्रभारी विजय वास्कले और निरीक्षक राजेश डावर सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।


