सौरभ श्रीवास्तव/खबर डिजिटल /कटनी– थाना कोतवाली पुलिस ने लाखों रुपए की धोखाधड़ी के मामले का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक सराफा व्यवसायी रवि पाहूजा और दूसरा निजी बैंक फिनो का डिस्ट्रीब्यूटर रवि रावलानी शामिल है।पुलिस के अनुसार सराफा बाजार निवासी अरुण कुमार गोयनका ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके ए.यू. बैंक खाते में ₹4 लाख की राशि पर बिना कारण ‘होल्ड’ लगा दिया गया है, जिससे उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। शिकायत पर साइबर सेल की मदद से जांच की गई, जिसमें पता चला कि खाते में होल्ड रितिक कुमार पटेल नामक व्यक्ति द्वारा लगाया गया है।जांच के दौरान सामने आया कि संगीता ज्वेलर्स संचालक रवि पाहूजा ने 18 सितंबर 2025 को रितिक पटेल के नाम पर ₹51 लाख 80 हजार 800 के तीन बिल बनाकर 457 ग्राम शुद्ध सोना दिया था। पूछताछ में रवि पाहूजा ने बताया कि यह पूरा सौदा उसके परिचित रवि रावलानी के कहने पर किया गया था, जो फिनो बैंक का डिस्ट्रीब्यूटर है।रवि रावलानी ने बताया कि उसे टेलीग्राम के माध्यम से एक अज्ञात व्यक्ति ने अपने मर्चेंट आईडी खातों (जो कुलदीप मलिक, संजय कुमार और रितिक पटेल के नाम से संचालित थे) में ₹88 लाख की रकम भेजी थी। बदले में उस राशि को कैश में बदलकर यूएसडीटी (क्रिप्टोकरेंसी) में ट्रांसफर करने का काम सौंपा गया था। इस अवैध लेनदेन के एवज में दोनों आरोपियों ने कमीशन तय कर सोने की खरीद-फरोख्त के जरिए रकम को वैध दिखाने की कोशिश की।आरोपियों ने गोयनका ज्वेलर्स से खरीदे गए सोने को अन्य दुकानों पर बेचकर नकद रकम प्राप्त की और फिर राशि को यूएसडीटी में बदलकर आगे भेज दिया।पुलिस ने इस पूरे मामले में धारा 318(4), 319(2), 316(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं और प्रकरण की विवेचना जारी है।
थाना कोतवाली पुलिस ने लाखों की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को किया गिरफ्तार — सराफा व्यवसायी और बैंक डिस्ट्रीब्यूटर निकले मास्टरमाइंड
सम्बंधित ख़बरें


