सतना/अंकित शर्मा/खबर डिजिटल/ सतना थप्पड़ कांड की गूंज भोपाल समेत पूरे प्रदेश में आग की तरह फैली है, वहीं इन दिनों सतना भाजपा जिला अध्यक्ष भगवती पांडे का एक बयान सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा जिला अध्यक्ष भगवती पांडेय ने बयान देते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को ‘टुच्चा’ बोला है। वहीं अब इसके बाद जिले की राजनीति गरमा गई है।
कांग्रेस नेता रितेश त्रिपाठी का पलटवार
जब यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ तो कांग्रेस खेमे में हलचल मच गई, और कांग्रेस नेता रितेश त्रिपाठी ने कहा कि भगवती पांडे जो एक सम्मानित पद पर हैं, वह भाजपा के जिला अध्यक्ष है, पर उनके द्वारा इतने हल्के शब्दों का प्रयोग किया गया मैं इसकी निंदा करता हूं, और भगवती पांडे जी को यह सलाह देता हूं कि दोबारा वह ऐसे हल्के शब्दों का प्रयोग ना करें, और जहां बात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की है, तो वह आपसे बहुत बड़े नेता हैं और कई बार राऊ विधानसभा से चुनाव जीतकर अब कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे हैं। वही रितेश त्रिपाठी ने यह भी कहा कि वैसे तो भाजपा जिला अध्यक्ष भी हकलाते और तोतलाते हैं, अब देखना यह होगा कि आखिर यह जुबानी जंग कहां तक जाती है।
सांसद गणेश सिंह के थप्पड़ कांड से बढ़ी सियासत
दरअसल, शुक्रवार 31 अक्टूबर को सतना में सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस पर ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ का आयोजन किया गया था। दादा सुखेंद्र सिंह स्टेडियम से पुलिस परेड ग्राउंड तक आयोजित दौड़ में कॉलेज और स्कूल के छात्र-छात्राओं सहित स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। नेताओं और अफसरों ने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इससे पहले भाजपा नेताओं ने शहर में रैली निकाली, तो इसी बीच रैली जब सेमरिया चौक पर पहुंची तो बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण करते समय नगर निगम की क्रेन मशीन पर चढ़े सांसद गणेश सिंह सीटिंग केबिल में फंस गए और ये सारा वाक्या उसी दौरान का है। इसी दौरान उन्होंने कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया था।
