उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ महाकाल मंदिर के पास स्थित बेगमबाग क्षेत्र में बुधवार सुबह प्रशासनिक अमले ने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा यह कार्रवाई उन भवनों पर की जा रही है, जिन पर लोअर कोर्ट, हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से मिले स्थगन आदेश (स्टे) समाप्त हो चुके थे।
12 अवैध इमारतों पर चला बुलडोजर
कार्रवाई के दौरान लगभग 12 अवैध इमारतों को जमींदोज़ किया गया। इनमें सैय्यद नियामत अली, रोशनी बी, मोहम्मद अय्यूब, अब्दुल खालिद, रईस मोहम्मद, साजिद खां, अकीला बी, मोहम्मद नासिर, एजाज अहमद, आइसा बी, उवेश खां, अब्दुल नासिर, अब्दुल शाकिर, अनीसा बी और फेमीदा बी के निर्माण शामिल थे।
आवासीय भवनों का व्यावसायिक उपयोग
जानकारी के अनुसार, इन भवनों का निर्माण विकास प्राधिकरण के आवासीय भूखंडों पर व्यावसायिक उपयोग के लिए किया गया था, जो नियम विरुद्ध पाया गया। कार्रवाई के दौरान एक दर्जन से अधिक पोकलेन मशीनें और बुलडोजर लगाए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेशों और नियमानुसार की जा रही है।
मौके पर विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी, एसडीएम एल.एन. गर्ग, नगर निगम का अमला, लगभग 100 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, तथा 100 से अधिक नगर निगम कर्मी तैनात हैं।


