खंडवा/हरेंद्रनाथ ठाकुर/खबर डिजिटल/ खंडवा में श्रद्धालुओं के साथ ठगी कर नकली पेड़ा और मिल्क केक बेचने वाले दुकानदार ओंकार पेड़ा भंडार के खिलाफ खंडवा कलेक्टर ने बड़ी कार्रवाई की। 300 किलोग्राम मावा पेड़ा और 334 किलोग्राम मिल्क केक जब्त किया गया। इन पेड़ों को देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को बेचा जा रहा था, जिससे ओंकारेश्वर की छवि धूमिल हो रही थी।
कलेक्टर ऋषव गुप्ता का एक्शन
खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता को शिकायत मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम ने सैंपल लेते हुए इन सामग्रियों को जब्त किया, और दुकान को सील कर दिया गया। बताया जा रहा है कि लंबे समय से श्रद्धालुओं के साथ दुकानदार द्वारा ठगी की जा रही थी। तीर्थ नगरी ओमकारेश्वर में इतनी बड़ी कार्रवाई को लेकर के दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है।
आने वाले वक्त में जारी रहेगी कार्रवाई
तीर्थनगरी ओमकारेश्वर में मिलावटियों की नहीं चलेगी, ये कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने साफ निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि आने वाले वक्त में खराब भोजन सामग्री बेचने वालों पर भी कार्रवाई की जा सकती है, क्योंकि उन पर भी कई बार बासी भोजन बेचने का आरोप लगता रहा है।
