रायसेन/नसीम अली/खबर डिजिटल/ रायसेन जिले के सलामतपुर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक युवक के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, विष्णु लोधी (उम्र 25) निवासी मुड़िया खेड़ा, जो दीवानगंज में स्थित एक मिनी मार्ट पर काम करता है, रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मुड़िया खेड़ा रोड नहर की पुलिया के पास तीन से चार अज्ञात आरोपियों ने उसका रास्ता रोककर उस पर हमला कर दिया।
युवक को आई गंभीर चोटें
हमले में विष्णु के सिर, हाथ तथा पैर में गंभीर चोटें आईं। परिजन और पुलिस द्वारा उसे सांची सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे विदिशा रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर बाद में विदिशा से भोपाल हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया, जहां वह इलाजरत है। डॉक्टर लगातार घायल की हालत पर नजर बनाए हुए हैं।
अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर सलामतपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपी युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है।
