भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की पचमढ़ी में जंगल सफारी पर सियासत जारी है। बीजेपी ने इस पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि एक तरफ बिहार चुनाव चल रहा है, और कांग्रेस का बड़ा लीडर जंगल सफारी में मस्त है। राहुल गांधी पर गंभीरता से राजनीति नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे मस्खरी और मजे के लिए पॉलिटिक्स करना चाहते है।
बिहार चुनाव को लेकर ली चुटकी
मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वो बिहार चुनाव के बीच मध्यप्रदेश आकर जंगल सफारी के मजे ले रहे हैं। अपने ऐशो आराम के लिए समय निकाल लिया। जबकि वो एक तरफ आरोप लगाते हैं कि चुनाव आयोग निष्पक्षता के साथ काम नहीं कर रहा है। जबकि राहुल गांधी खुद राजनीति को गंभीरता से नहीं लेते हैं। साथ ही कहा कि उनका काम स्क्रिप्ट भाषण और प्रेस कॉन्फ्रेंस करना है। वो मस्खरी और मजे के लिए राजनीति करते है।
बीजेपी के वार पर कांग्रेस का पलटवार
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने मंत्री विश्वास सारंग पर पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी और संघ राहुल गांधी से परेशान है। राहुल पचमढ़ी में थे तो आज बिहार में भी पहुंच चुके हैं। वे मध्य प्रदेश में भी मौजूद हैं और बिहार में भी इसी से भाजपा परेशान है। साथ ही कहा कि राहुल गांधी अपने ड्रीम प्रोजेक्ट संगठन सृजन को सक्सेस करने पचमढ़ी आए थे। उन्होंने जमीन पर बैठकर संदेश दिया है कि जमीन पर काम करना है। बीजेपी के नेता सोफे पर बैठते हैं और राहुल गांधी जमीन पर इसी से भाजपा में घबराहट है।
राहुल ने लिया पचमढ़ी की सुंदरता का आनंद
बता दें कि राहुल गांधी ने रविवार की सुबह सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के नीम काम के जंगल में विशेषज्ञ गाइड के साथ जंगल सफारी की। जिप्सी में सवार होकर राहुल गांधी ने वन्यजीवों को निहारा। उन्होंने प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के साथ जंगल की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान रॉक पेंटिंग देखने के साथ राहुल ने वन्यजीव संरक्षण और उनके आवासों के महत्व के बारे में भी जानकारी हासिल की।


