जिला अस्पताल में मचा हड़कंप — खेलते-खेलते गुम हुआ 2 साल का मासूम, पुलिस ने किया सकुशल बरामद
कटनी, 10 नवम्बर 2025 — जिला अस्पताल कटनी में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब इलाज के लिए आए कुठला निवासी सतीश पटेल का 2 वर्षीय पुत्र विनायक पटेल अचानक अस्पताल परिसर से लापता हो गया।
जानकारी के अनुसार सतीश पटेल अपनी पत्नी और बेटे के साथ इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। दवाई लेने के लिए वे लाइन में लगे हुए थे, इसी दौरान भीड़भाड़ के बीच उनका छोटा बेटा खेलते-खेलते अचानक कहीं गायब हो गया। जब बच्चे की मां ने बेटे को आसपास नहीं देखा तो उसने तुरंत अपने पति को जानकारी दी, जिसके बाद पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोतवाली ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस स्टाफ को अस्पताल भेजा। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे अस्पताल परिसर में बच्चे की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने बच्चे को अस्पताल के पीछे वाले निकास द्वार के पास से सकुशल बरामद कर लिया।
बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली।
बालक को सकुशल ढूंढ निकालने में आर. लुटेश प्रजापति, दीपक तिवारी एवं मंसूर हुसैन की अहम भूमिका रही।
पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।


