बुरहानपुर/रिजवान खान/खबर डिजिटल/ बुरहानपुर के कई वार्डों में डायरिया का प्रकोप फैल गया है। दूषित पानी पीने से अब तक एक महिला की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग बीमार हैं। जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया है। कलेक्टर ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया और पानी के सैंपल जांच के निर्देश दिए हैं।
कई दिनों से लोग बीमार
शहर के लोहार मंडी, आज़ाद वार्ड समेत कई इलाकों में इन दिनों डायरिया का प्रकोप देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है कि दूषित पानी पीने से कई लोग इसकी चपेट में आ गए हैं। जिला अस्पताल में अब तक 40 से ज़्यादा मरीजों का इलाज जारी है, जिनमें करीब 20 बच्चे शामिल हैं। डायरिया से आज़ाद नगर निवासी एक महिला की मौत हो गई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
कलेक्टर ने प्रभावित इलाकों का किया दौरा
स्थिति गंभीर होती देख कलेक्टर हर्ष सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और लोगों से मुलाकात की। इलाकों के पार्षदों और स्थानीय लोगों ने कलेक्टर से दूषित पानी की समस्या की शिकायत की है। जिसके बाद अब प्रशासन गंदे पानी के कारणों की जांच में जुटा है।


