रायसेन/नसीम अली/ खबर डिजिटल/ केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मंगलवार देर शाम रायसेन स्थित श्रीराम परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी की दिवंगत माता जी सुमित्रा देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी, तथा परिवारजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
माता सुमित्रा देवी को किया याद
श्रद्धांजलि के दौरान सिंधिया ने दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना करते हुए कहा कि सुमित्रा देवी का जीवन परिवार एवं समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने इस कठिन समय में परिवार को धैर्य और साहस बनाए रखने की बात कही। इस दौरान प्रदेश सरकार में मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीयजन उपस्थित रहे।
लंबी बीमारी के बाद हुआ था निधन
विदित हो कि विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी की माता सुमित्रा देवी का 30 अक्टूबर को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। परिवार ने सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।


