डिंडौरी/शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ साकेत नगर की प्रतिभाशाली युवा रश्मि कुशरे ने एमपीपीएससी 2023 में 20वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन कर दिया है। शानदार सफलता के साथ उनका चयन डिप्टी कलेक्टर पद पर हुआ है। सफलता के बाद रश्मि ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया से सौजन्य भेंट की, जहां कलेक्टर ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि “रश्मि की उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए मजबूत प्रेरणा बनेगी।”
रश्मि ने बताई सफलता की कहानी
रश्मि ने बताया कि उन्होंने अपनी तैयारी वर्ष 2019 में शुरू की थी। इससे पहले वे एमपीपीएससी 2021 में उत्तीर्ण होकर सहायक संचालक, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर चयनित हो चुकी हैं। वर्ष 2023 की यह परीक्षा उनका पाँचवाँ प्रयास था, जिसमें उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शीर्ष रैंक प्राप्त की।
डिंडौरी में ही पूरी की पढ़ाई
उनकी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर, डिंडौरी में हुई, वहीं स्नातक की पढ़ाई जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग में पूरी की। रश्मि के पिता शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, समनापुर में पदस्थ हैं, जबकि माता गृहणी हैं। परिवार मूलतः ग्राम गढ़ी (तहसील बैहर, जिला बालाघाट) का निवासी है, परंतु पिता की सेवा के कारण रश्मि की अधिकांश शिक्षा डिंडौरी में ही हुई।
माता-पिता, गुरुजनों को किया नमन
अपनी सफलता पर रश्मि कुशरे ने माता–पिता, गुरुजनों, सहपाठियों और अपनी दोनों बहनों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि परिवार का अटूट सहयोग उनकी सबसे बड़ी ऊर्जा रहा है। उन्होंने परीक्षार्थियों को संदेश दिया— “लक्ष्य के प्रति निष्ठा और निरंतर प्रयास ही सफलता का मार्ग हैं। मन से मेहनत करें, सफलता निश्चित है।”


