बैतूल/सचिन जैन/खबर डिजिटल/ भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के समापन वर्ष के अवसर पर कल 15 नवंबर को राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस जबलपुर में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले और विकासखंडों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें बैतूल के सीएमएचओ डॉ. मनोज हुरमाड़े और कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ अंकिता सीते का सम्मान भी किया जाएगा।
सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग में जिले का दूसरा स्थान
स्वास्थ्य विभाग ने 125 दिवसीय सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया था। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 3 जिले और 2 जनजातीय बहुल विकासखंडों का चयन किया गया और उन्हें राज्य स्तर पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जा रहा है। पहले स्थान पर बालाघाट, दूसरे स्थान पर बैतूल और तीसरे स्थान पर छिंदवाड़ा रहा।
डॉ अंकिता सीते ने दी जानकारी
इस बड़ी उपलब्धि को लेकर सिकल सेल उन्मूलन कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ अंकिता सीते ने बताया कि शुक्रवार को सीएमएचओ डॉ मनोज हुरमाड़े के साथ प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन से मुलाकात कर उन्हें इस उपलब्धि से अवगत कराया, और जिला प्रशासन का अभियान में मिले सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर जनजाति कार्य विभाग के सहायक आयुक्त विवेक पांडे भी मौजूद थे। डॉ अंकिता सीते ने बताया कि 15 नवंबर शनिवार को जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल और प्रदेश के मुख्य मंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा सम्मानित किया जाएगा।


