उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ उज्जैन के प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर में महिला ने गार्ड पर टच करने का आरोप लगाते हुए जबरदस्त नाराजगी जाहिर की थी। काल भैरव मंदिर में दर्शन व्यवस्थाओं के लिए रखे गए गार्ड द्वारा दर्शनार्थीयों को दर्शन उपरांत आगे बढ़ने का कहा गया, परन्तु दर्शनार्थी द्वारा मना किया गया, इस पर गार्ड ने पुनः उन्हें आगे बढ़ने के लिए कहा ताकि दूसरे श्रद्धालुओं को भी दर्शन हो सकें, वहीं विवाद के बाद यह मामला थाने तक पहुंच गया।
एसडीएम एलएन गर्ग ने दी जानकारी
एसडीएम एलएन गर्ग ने जानकारी दी कि गत दिवस काल भैरव मन्दिर में हुए विवाद में मंदिर में सीसीटीवी फुटेज की जांच में पाया गया कि गत दिवस काल भैरव मंदिर में शाम को महाराष्ट्र के लगभग 30-35 दर्शनार्थी मंदिर में दर्शन करने के लिए आये थे। जहां गार्ड के महिला को आगे चलने का कहने पर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी। तभी महिला ने गार्ड पर छूने के आरोप लगा दिया। इस पर दर्शनार्थीओं ने गार्ड से अभद्रता और हाथापाई की तथा उनके द्वारा गर्भ गृह के सामने बाहर जाने के द्वार पर गार्ड को ले जाया गया। परिसर में उपस्थित प्रशासक काल भैरव मन्दिर और भैरवगढ़ थाने के जवानों द्वारा दोनों पक्षों को भैरवगढ़ थाने ले जाया गया। जहां दोनों पक्षों के बयानों को सुना गया।
सीसीटीवी फुटेज में हुआ खुलासा
इसमें दर्शनार्थीओं की गलती पाई गई। मंदिर के गार्ड ने दर्शनार्थीयों की गलती को नजरंदाज करते हुए कार्रवाई नहीं करने के लिए कहा। इसके बाद दोनों पक्षों को समझाइश दी गई और मामला शांत किया गया। उज्जैन आने वाले श्रद्धालु यहां से अच्छी स्मृति लेकर जाएं, इसके लिए प्रशासन ने गार्ड को भी आने वाले दर्शनार्थीओं से संयत व्यवहार करने के लिए कहा।


