डिंडौरी/शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने शनिवार को गाड़ासरई से सागरटोला–पंडरिया मार्ग होते हुए छत्तीसगढ़ सीमा तक निर्माणाधीन राज्य राजमार्ग-44 (एसएच-44) का स्थल निरीक्षण किया। लगभग 47 किलोमीटर लंबी इस सड़क को क्षेत्रीय परिवहन का प्रमुख मार्ग माना जाता है। कलेक्टर ने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का गहन अवलोकन किया तथा निर्माण एजेंसी GRTC और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा किया जाए।
गुणवत्ता से काम करने की हिदायत
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री, सड़क की चौड़ाई, रोलिंग, लेवलिंग, सघनता एवं तकनीकी प्रक्रियाओं की जाँच की। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण जनहित से सीधे जुड़ा कार्य है, इसलिए गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं होगा। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन हो तथा निर्माण के दौरान यातायात में अनावश्यक बाधा न आए, इसके लिए उचित व्यवस्था की जाए।
गुणवत्ता रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को दैनिक मॉनिटरिंग करने और प्रत्येक चरण की गुणवत्ता रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर भदौरिया ने कहा कि यह मार्ग पूर्ण होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा आमजन के आवागमन में बड़ी सुविधा होगी और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
सिवनी नदी पर निर्माणाधीन पुल का भी निरीक्षण
कलेक्टर भदौरिया ने डिंडौरी–अमरकंटक मार्ग पर स्थित सिवनी नदी पर निर्माणाधीन पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि बरसात पूर्व पुल का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाए, ताकि बारिश के दौरान आवागमन बाधित न हो। कार्य में आ रही किसी भी प्रकार की बाधा के निराकरण हेतु उन्होंने एसडीएम बजाग को उचित कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, सीईओ जनपद करंजिया अक्षय डिगरसे, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, सीएमएचओ डॉ. मनोज पांडे सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं GRTC कंपनी की ओर से राकेश मौर्या (संभागीय प्रबंधक), आलोक गुप्ता (प्रोजेक्ट डायरेक्टर), श्याम लाल बंजारा (साइट इंचार्ज) सहित मटेरियल एवं ब्रिज इंजीनियर मौजूद रहे।


