सरस्वती शिशु मंदिर भुड़सा में असामाजिक तत्वों का उत्पात, दीवारों पर कीचड़–गोबर फेंककर फैलाया उत्पात
बड़वारा – स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर, भुड़सा में देर रात कुछ असामाजिक तत्वों एवं शराबियों द्वारा गंदगी फैलाने की शर्मनाक घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार अराजक तत्वों ने विद्यालय परिसर की दीवारों पर कीचड़ और गोबर फेंककर स्कूल की स्वच्छता व मर्यादा को गंभीर रूप से क्षति पहुँचाई। सुबह जब विद्यालय स्टाफ पहुँचा, तो परिसर की हालत देखकर सभी में आक्रोश फैल गया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि संस्थान में सैकड़ों बच्चे प्रतिदिन अध्ययन के लिए आते हैं। ऐसे पवित्र शिक्षण स्थल पर इस प्रकार की हरकत न केवल अनुशासनहीनता का द्योतक है, बल्कि समाज में बढ़ती असंवेदनशीलता का भी प्रतीक है। स्टाफ ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब परिसर के बाहर शराबियों की गतिविधियाँ देखी गई हों, परंतु दीवारों पर गंदगी फैलाने जैसी घटना अत्यंत गंभीर है।
ग्रामीणों व अभिभावकों ने भी इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के शिक्षा परिसर को निशाना बनाना समाज के भविष्य पर हमला है। उन्होंने प्रशासन से विद्यालय क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखने और दोषियों की शीघ्र पहचान कर कठोर दंड देने की मांग की है।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी गई है। संबंधित विभाग ने आश्वासन दिया है कि परिसर के आसपास सुरक्षा व गश्त को बढ़ाया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी हरकतों पर पूर्ण विराम लगाया जा सके।
घटना के बाद विद्यालय कर्मियों एवं ग्रामीणों ने मिलकर परिसर की सफाई की और विद्यालय के वातावरण को पुनः सामान्य करने का प्रयास किया।
सभी संबंधितों ने यह भी कहा कि बच्चों के अध्ययन स्थल की सुरक्षा और गरिमा बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
