कटनी खबर digital News– बरही क्षेत्र के ताली रोहनिया गांव में मंगलवार को एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई, जहां ग्रामीण अशोक वर्मन की पत्नी पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।हमले की सूचना मिलते ही विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बरही अस्पताल व कटनी जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों से बातचीत कर घायल महिला के समुचित और त्वरित उपचार के निर्देश दिए। विधायक द्वारा अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से तात्कालिक आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई।प्रारंभिक उपचार बरही अस्पताल में दिया गया, जहां महिला की हालत गंभीर होने पर उसे कटनी रेफर किया गया। कटनी जिला अस्पताल में तीन डॉक्टरों की टीम द्वारा उसका इलाज जारी है।विधायक संजय पाठक ने घटना को लेकर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से भी चर्चा की और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, तथा टाइगर मूवमेंट की निगरानी तेज करने के निर्देश दिए।घटना के बाद स्थानीय प्रशासन एवं वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है।विधायक पाठक ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि बाघ की किसी भी मूवमेंट की जानकारी तत्काल वन विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
ताली रोहनिया में महिला पर बाघ का जानलेवा हमला; घायल का इलाज जारी, विधायक संजय पाठक ने दिए त्वरित उपचार व सहायता के निर्देश
सम्बंधित ख़बरें


