सतना में गुरुवार शाम एक चौंकाने वाली घटना घटी, जब एक अज्ञात दिव्यांग व्यक्ति ने बिजली विभाग के कर्मचारी रामनरेश वर्मा (60) को गोली मार दी। गोली उनके बाएं सीने में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
रामनरेश वर्मा प्रेम नगर स्थित विद्युत विभाग कार्यालय में चपरासी के पद पर पदस्थ हैं और अमदरा थाना क्षेत्र के नौगांव गांव के निवासी हैं। हर दिन की तरह गुरुवार को भी वे अपनी ड्यूटी खत्म कर स्टेशन की ओर जा रहे थे ताकि ट्रेन से मैहर होते हुए अपने गांव लौट सकें।
घटना प्रेम नगर अंडरब्रिज के पास उस समय हुई जब वे रेलवे पटरी के किनारे-किनारे चल रहे थे। तभी अचानक एक दिव्यांग व्यक्ति ने उन पर कट्टे से फायर कर दिया। गोली लगते ही वे लड़खड़ा गए, लेकिन हिम्मत जुटाकर उन्होंने हमलावर को पकड़ लिया। दोनों के बीच कुछ देर तक संघर्ष हुआ।
झूमाझटकी के दौरान दिव्यांग हमलावर का कृत्रिम पैर (prosthetic leg) और कट्टा उनके हाथ आ गया। घायल होने के बावजूद, रामनरेश साहस दिखाते हुए आरोपी का कृत्रिम पैर और हथियार लेकर सीधे सिटी कोतवाली पहुंचे और घटना की जानकारी दी। इस दौरान आरोपी मौके से लंगड़ाते हुए फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने रामनरेश को जिला अस्पताल भेजा और मामला दर्ज कर लिया। अस्पताल में सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह पहुंचे और उन्होंने घायल से बयान लेने के साथ डॉक्टरों से स्थिति की जानकारी ली। सीएसपी के अनुसार, घायल का सिटी स्कैन कराया जा रहा है और उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि अंधेरे का फायदा उठाकर लूट की कोशिश की गई होगी, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है।


