सागर/हर्षित पाण्डेय/खबर डिजिटल/ जिले के सभी पटवारियों ने देवरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बृजबिहारी पटेरिया पर एक पटवारी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में गुरुवार को पटवारियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर सागर को ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई की मांग की।
पटवारी दुर्गेश चढ़ार से मारपीट का आरोप
ज्ञापन में बताया गया कि मौजा गौरझामर, पटवारी हल्का क्रमांक-8 में पदस्थ पटवारी दुर्गेश चढ़ार 13 दिसंबर 2025 को अनुविभागीय अधिकारी के मौखिक आदेश पर आदिम जाति विभाग के जननायक सांस्कृतिक कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात थे। कार्यक्रम स्थल पर विवाद की सूचना मिलने पर वे स्थिति जानने गौरझामर थाना पहुंचे, जहां कोई मौजूद नहीं मिला। इसी दौरान देवरी विधायक ब्रज बिहारी पटेरिया वहां पहुंचे और जानकारी लेने के बाद कार्यक्रम स्थल चले गए।
शिकायत पर नहीं हुई कार्रवाई
आरोप है कि बाद में विधायक द्वारा बुलवाए जाने पर पटवारी चढ़ार जब कार्यक्रम स्थल पहुंचे तो विधायक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और मारपीट की। ज्ञापन के अनुसार, विधायक ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पटवारी थाने पहुंचे, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
अनिश्चितकालीन हड़ताल की दी चेतावनी
पटवारियों का कहना है कि इस घटना से पीड़ित पटवारी और उनका परिवार भयभीत है, तथा पुलिस पर दबाव में काम करने का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में मांग की गई है कि विधायक के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। पटवारियों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर एफआईआर दर्ज नहीं होती या विधायक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तो 18 दिसंबर 2025 से जिले के सभी पटवारी तहसीलों में बस्ता जमा कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।


