डिंडौरी/ खबर डिजिटल/ शैलेश नामदेव: मध्यप्रदेश में मोहन सरकार के खिलाफ अब डिंडौरी जिले के किसान बड़े प्रोटेस्ट की तैयारी कर रह हैं। यह आंदोलन 29 दिसंबर को किया जाना है। डिंडौरी के भारतीय किसान संघ ने कहा कि लंबे समय से किसानों की मांगे लंबित है। मोहन सरकार किसानों की समस्याओं का कोई समाधान नहीं कर रहा है। जिसके चलते 29 दिसंबर 2025 से शहपुरा तहसील मुख्यालय में विशाल रैली, अनिश्चितकालीन अनशन एवं किसान हड़ताल की घोषणा की गई है। इसे लेकर गुरुवार को जिला मुख्यालय में एक प्रेसवार्ता आयोजित कर किसान नेताओं ने आंदोलन की रूपरेखा सार्वजनिक की। प्रेसवार्ता में किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि शासन–प्रशासन द्वारा किसानों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
किसानों ने समस्याओं को लेकर प्रशासन की दी जानकारी
भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री एड. निर्मल कुमार साहू ने कहा कि वर्षों से ज्ञापन, पत्राचार और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से किसानों की समस्याएं शासन तक पहुंचाई जाती रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ संवाद करने के बजाय उनकी आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
Aaj Ka Rashifal 2025: मेष से मीन तक का दैनिक भविष्यफल, शुभ रंग और उपाय – Khabar Digital
नहरें जर्जर, सिंचाई और बिजली बनी बड़ी समस्या
किसान नेताओं ने बताया कि क्षेत्र की नहरें (केनाल) जर्जर हालत में हैं, जिससे सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति और सिंचाई जल की गंभीर समस्या बनी हुई है। करोड़ों रुपये की लागत से बने जलाशयों का पानी भी किसानों तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे फसल उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
खाद की कालाबाजारी और लंबित मांगें
प्रेसवार्ता में यह भी आरोप लगाया गया कि क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी खुलेआम हो रही है, लेकिन इस पर रोक लगाने के लिए प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। किसानों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन समाधान के बजाय उन्हें टालने की नीति अपनाई जा रही है।
बिहार इलेक्शन में प्रशांत किशोर कागज के फूल साबित – Khabar Digital
किसानों की प्रमुख मांगें
- किसान संघ ने शहपुरा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांगों को सामने रखते हुए बताया कि—
- 132 केवी सब-स्टेशन का निर्माण
- सिंचाई जल की पर्याप्त उपलब्धता
- बिजली आपूर्ति में सुधार
- खाद की कालाबाजारी पर सख्त रोक
- जैसी मांगों को लेकर 29 दिसंबर से आंदोलन शुरू किया जाएगा।
मांगें पूरी न हुईं तो आंदोलन जारी
किसान नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक शासन एवं संबंधित अधिकारी लिखित आश्वासन नहीं देते और समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
प्रेसवार्ता में भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष बिहारी लाल साहू, जिला मंत्री एड. निर्मल कुमार साहू, जिला उपाध्यक्ष एड. विनय कुमार झारिया, तहसील अध्यक्ष प्रमोद कुमार मौर्य, तहसील मंत्री यतींद्र कुमार साहू, उपाध्यक्ष जगदीश साहू, जिला सदस्य खूबचंद साहू, एड. लवकुश झारिया सहित विभिन्न ग्रामों के अध्यक्ष एवं किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


