कटनी — बरही /विजयराघवगढ़— विधानसभा क्षेत्र के बहिरघटा गांव से सटी नदी में खुलेआम अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है। नियमों की अनदेखी कर भारी मशीनों के जरिए नदी से रेत निकाली जा रही है, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।जानकारी के अनुसार, पूर्व में धन लक्ष्मी कंपनी द्वारा खनन ठेका सरेंडर किए जाने के बाद शासन स्तर पर दोबारा टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई थी। इस प्रक्रिया में अधिकतम बोली लगाकर पुनः धन लक्ष्मी कंपनी को ठेका मिला। हालांकि, अब तक कंपनी को LOI (लेटर ऑफ इंटेंट) जारी नहीं किया गया है। सूत्रों के अनुसार यह टेंडर निरस्त भी हो चुका है।खनन नियमों के तहत LOI जारी होने से पहले किसी भी प्रकार का उत्खनन कार्य पूरी तरह प्रतिबंधित रहता है, इसके बावजूद बहिरघटा क्षेत्र में खुलेआम अवैध खनन किया जा रहा है।स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरा कार्य प्रशासनिक संरक्षण में चल रहा है। इसी बीच जीपीएस लोकेशन के साथ एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें नदी से बड़ी मशीनों द्वारा रेत निकालते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।ग्रामीणों का कहना है कि अवैध रेत उत्खनन से नदी का प्राकृतिक संतुलन बिगड़ रहा है, जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है और भविष्य में जल संकट जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।अब सवाल यह है कि वायरल वीडियो और सामने आए तथ्यों के बाद प्रशासन इस मामले में सख्त कदम उठाएगा या फिर अवैध रेत खनन का यह सिलसिला यूं ही चलता रहेगा
बहिरघटा में नियमो को ताक पर रखकर हो रहा अवैध रेत खनन, पर खनिज अधिकारियो पर संरक्षण के गंभीर आरोप
सम्बंधित ख़बरें


