Gold Silver Price : दिल्ली/बंटी प्रहलाद/खबर डिजिटल/ खरमास का महीना होने के बाद भी सोना-चांदी की चमक कम होती नजर नहीं आ रही है। सराफा बाजारों में मंगलवार को सोने-चांदी के भाव में एक और नई ऊंचाई पर पहुंचते नजर आए हैं। शादी का सीजन नहीं होने के बाद लोग जमकर खरीददारी भी करते दिखाई दे रहे हैं, क्योंकि उनको आशंका हो रही है कि जैसे ही एक बार फिर शादी-ब्याह शुरु हो जाएंगे, सोना चांदी के दाम एक बार फिर रिकॉर्ड स्तर पर नजर आएंगे।
सोना-चांदी के फिर से बढ़े दाम
खरीददारी सीजन यानी शादी-ब्याह के बाद भी सोने चांदी के दाम आसमान छू रहे हैं। दोनों धातुएं ऑल टाइम हाई पर हैं। चांदी के भाव में 1 हजार 523 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जबकि, सोने के भाव में 2 हजार 163 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। जीएसटी समेत चांदी अब 2 लाख 15 हजार 527 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है। जबकि, 24 कैरेट गोल्ड का रेट अब जीएसटी समेत 1 लाख 40 हजार 216 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है।
सोना-चांदी के रिकॉर्ड तोड़ भाव
सोमवार को चांदी बिना जीएसटी 2 लाख 7 हजार 727 रुपये प्रति किलो और सोना बिना जीएसटी 1 लाख 33 हजार 970 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। जबकि आज यानी मंगलवार को बिना जीएसटी सोना 1 लाख 36 हजार 133 रुपये के ऑल टाइम हाई पर खुला। दूसरी ओर चांदी बिना जीएसटी 2 लाख 9 हजार 250 रुपये प्रति किलो के रेट से खुली। इस साल अबतक सोना 60 हजार 393 रुपये उछाल पर पहुंच चुका है। जबकि, चांदी 1 लाख 23 हजार 233 रुपये उछल चुकी है। सोमवार को दोनों धातुएं नए रिकॉर्ड भाव पर थीं, आज वो रिकॉर्ड भी टूट गया।
सोने-चांदी के दाम क्यों उछले ?
विशेषज्ञों के अनुसार, मौजूदा तेजी का एक कारण अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर बदलती लोगों की उम्मीदें हैं। बाजार का मानना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व 2026 में दो बार ब्याज दरों में कटौती करेगा। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी नरम मौद्रिक नीति की वकालत कर रहे हैं, जिसका असर सोना-चांदी के दामों पर साफतौर पर दिखाई दे रहा है।
कैरेट के हिसाब से गोल्ड के भाव
आज 23 कैरेट गोल्ड भी 2154 रुपये उछल कर 135588 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर खुला। जीएसटी संग इसकी कीमत अब 139655 रुपये हो गई है।
22 कैरेट गोल्ड की कीमत 1981 रुपये चढ़कर 124698 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है। जीएसटी समेत यह 128438 रुपये है।
18 कैरेट गोल्ड 1622 रुपये की तेजी के साथ 102100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है और जीएसटी के साथ इसकी कीमत 105163 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है।
14 कैरेट गोल्ड का रेट भी 1265 रुपये चढ़ा है। आज यह 79638 रुपये पर खुला और जीएसटी समेत यह 82027 रुपये पर है।


