आलीराजपुर/कुलदीप खराड़िया/खबर डिजिटल/ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय अलीराजपुर के तत्वावधान में बाल विवाह रोकथाम एवं विधिक जागरूकता को लेकर एक व्यापक अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री जय पादीदार एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलीप मुजाल्दा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।ब्लॉक चंद्रशेखर आज़ाद नगर (भाबरा) अंतर्गत शासकीय माध्यमिक विद्यालय बड़ी फाटा, लील उमरी, काटकुआ एवं टोकराझीरण में विधिक (कानूनी) जागरूकता शिविर आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणजनों को कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।
बाल विवाह रोकने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में बाल विवाह को समाज के लिए घातक बताते हुए उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह में शामिल व्यक्ति कानूनन अपराधी है और उन्हें सजा का प्रावधान है। साथ ही बाल तस्करी, बाल मजदूरी जैसे गंभीर अपराधों की जानकारी भी दी गई।
कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी
शिविर में बताया गया कि किसी भी परिवार में यदि कोई मामला न्यायालय में लंबित है अथवा कानूनी सहायता की आवश्यकता है, तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए भी जानकारी दी गई।
यातायात, नशा और मोबाइल के दुष्प्रभावों पर चेतावनी
वक्ताओं ने सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट पहनने, वाहन बीमा कराने एवं यातायात नियमों के पालन की अपील की।नशे को समाज और परिवार के लिए विनाशकारी बताते हुए कहा गया कि नशे के कारण सड़क दुर्घटनाएं, घरेलू हिंसा एवं आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को भी गंभीर समस्या बताया गया। बच्चों को मोबाइल का सीमित और सही उपयोग करने की सलाह दी गई। साइबर अपराधों से सतर्क करते हुए कहा गया कि अनजान कॉल, ओटीपी साझा करना, एपीके फाइल डाउनलोड करना अपराध को आमंत्रण है। बिना वजह महिलाओं या लड़कियों को सोशल मीडिया पर फॉलो या फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने पर सीधी गिरफ्तारी तक की कार्रवाई हो सकती है।
कानूनी जागरूकता से सशक्त समाज की ओर
अधिकार मित्र/पीएलवी दिलीप वाखला, बीएल भूरा, मनोज डामोर एवं कमलेश भूरिया ने विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए कहा कि कानूनी जागरूकता ही समाज में न्याय, समानता और सुरक्षा की मजबूत नींव रखती है। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


