शिमला: भारत के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक, बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपनी ‘अग्निवीर खाता योजना’ के तहत वीर शहीद स्वर्गीय श्री नवीन कुमार (13 JAK RIF) के परिवार को ₹75 लाख की व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा राशि प्रदान की है। हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान यह वित्तीय सहायता शहीद की माता श्रीमती अजूधिया कुमारी को ससम्मान सौंपी गई। ज्ञात हो कि वीर सैनिक नवीन कुमार ने 20 मई 2025 को कारगिल में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उनका यह बलिदान अदम्य साहस और अटूट देशभक्ति का प्रतीक है।
बीमा राशि के वितरण के अवसर पर सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरदीप सिंह, नायब सूबेदार संतोष कुमार, बैंक ऑफ बड़ौदा (शिमला क्षेत्र) के सहायक महाप्रबंधक एवं उप-क्षेत्रीय प्रमुख श्री राजेश कुमार गाबा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने वीर शहीद के प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। बैंक के प्रतिनिधियों ने कहा कि वीर सैनिकों के बलिदान की पूर्ति किसी भी राशि से संभव नहीं है, लेकिन यह वित्तीय सहयोग परिवार के भविष्य को संबल प्रदान करने का एक प्रयास है।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने इस अवसर पर सशस्त्र बलों के जवानों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराया। बैंक ने कहा कि ‘अग्निवीर खाता योजना’ जैसी पहलों का मुख्य उद्देश्य रक्षा कर्मियों और उनके परिजनों को कठिन समय में सार्थक वित्तीय सुरक्षा और सहयोग प्रदान करना है। बैंक ऑफ बड़ौदा राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले योद्धाओं के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा और रक्षा क्षेत्र से जुड़े अपने ग्राहकों को श्रेष्ठ सेवाएं और सुरक्षा प्रदान करना जारी रखेगा।


