राणापुर/नावेद रज़ा/खबर डिजिटल/बीते दिनों झाबुआ जिले के मेघनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सजेली में फॉरेस्ट विभाग की भूमि पर गौ हत्या व अवैध रूप से गौ मांस की बिक्री किए जाने की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। इसी मामले को लेकर बुधवार को राणापुर में सर्व हिन्दू समाज के द्वारा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन देने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भगत आदिवासी समाज के लोग भी राणापुर पहुंचे। ज्ञापन देने वालों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गौ माता के हत्यारों को फांसी अथवा आजीवन कारावास जैसी कठोर सजा नहीं दी गई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।इस दौरान गौ रक्षा समिति के सभी सदस्य एवं सर्व हिन्दू समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ज्ञापन लेने के पश्चात थाना प्रभारी दिनेश रावत ने आश्वस्त किया कि यदि उनके क्षेत्र में इस प्रकार की कोई भी अवैध गतिविधि सामने आती है, तो पुलिस द्वारा कठोर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।


