उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ धर्म और आस्था की नगरी उज्जैन में आज भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी सुश्री क्रांति गौड़ ने हाजिरी लगाई। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दरबार में पहुंचकर उन्होंने प्रातःकाल होने वाली दिव्य भस्म आरती के दर्शन किए।
भस्मारती में शामिल हुईं क्रांति गौड़
तड़के मंदिर पहुंचने पर उन्होंने शीश नवाया और बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। भस्म आरती के दौरान वे पूरी तरह शिव भक्ति में लीन नजर आईं। उन्होंने देश की खुशहाली और भारतीय क्रिकेट की सफलताओं के लिए प्रार्थना की।
स्मृति चिह्न भेंटकर किया सम्मानित
दर्शन पूजन के पश्चात, श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका विशेष सम्मान किया गया। मंदिर के उप प्रशासक एस.एन. सोनी ने क्रांति गौड़ का स्वागत किया और उन्हें बाबा महाकाल का प्रसाद एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। गौरतलब है कि उज्जैन का महाकाल मंदिर खिलाड़ियों और मशहूर हस्तियों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, जहां अक्सर दिग्गज खिलाड़ी अपनी जीत और शांति की कामना लेकर पहुंचते हैं।


