बैतूल/सचिन जैन/खबर डिजिटल/ बैतूल के हाई स्कूल ग्राउंड चिल्कापुर एवं अयोध्या लॉन बडोरा में आयोजित हिंदू सम्मेलन के दौरान आयुष विभाग बैतूल द्वारा निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर लगाया गया। जिला आयुष अधिकारी बैतूल डॉ. योगेश चौकीकर के निर्देशानुसार दोनों ही स्थानों पर यह शिविर सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुआ। चिल्कापुर में शिविर का आयोजन हाई स्कूल ग्राउंड में किया गया।
नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कड़वे ने किया नेतृत्व
जहां नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कड़वे के नेतृत्व में डॉ. कैलाश इवने, डॉ. पुनीत डोंगरे, डॉ. प्रियंका, डॉ. पूनम नागले, डॉ. नेहा पाटिल सहित कुल 14 कर्मचारियों ने सेवाएं दीं। वहीं अयोध्या लॉन बडोरा, आठनेर रोड बैतूल में आयोजित शिविर में नोडल अधिकारी डॉ. शारदा चौधरी के साथ डॉ. सुशील सोनी, डॉ. शिल्पा धोटे एवं डॉ. विशाल वर्मा सहित कुल 12 कर्मचारी उपस्थित रहे।
कई बीमारियों का किया इलाज
दोनों ही शिविरों में बुखार, श्वास, कास, संधिवात, अर्श, प्रतिश्याय सहित विभिन्न रोगों के लिए निःशुल्क आयुष औषधियों का वितरण किया गया। चिल्कापुर शिविर में 122 एवं बडोरा शिविर में 125 लाभार्थियों सहित कुल 247 लोगों ने उपचार और औषधियों का लाभ प्राप्त किया। साथ ही योग शिक्षक द्वारा दोनों स्थानों पर आवश्यक योगाभ्यास भी सिखाए गए। इस प्रकार दोनों आयुष चिकित्सा शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
5 जनवरी को स्वर्ण प्राशन
आयुष विभाग द्वारा आज 5 जनवरी को बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे से आयुष विशेषज्ञों की देखरेख में स्वर्ण प्राशन संस्कार संपन्न होगा।
