पिपरिया कला धान उपार्जन केंद्र में धान की खरीदी और परिवहन प्रभावित, किसान हो रहे परेशान
कटनी – पिपरिया कला धान उपार्जन केंद्र क्रमांक–2 में परिवहन व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। केंद्र परिसर में बड़ा गड्ढा होने के कारण ट्रकों और ट्रैक्टरों का आवागमन बाधित हो रहा है, जिससे धान की उठाव और खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
केंद्र प्रभारी ने बताया कि परिवहन की व्यवस्था न होने और रास्ता खराब होने के कारण समय पर धान का परिवहन नहीं हो पा रहा है। इसका सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है—उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और खरीदी में लगातार देरी हो रही है।
किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही गड्ढे को नहीं भरा गया और परिवहन की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, तो खरीदी पूरी तरह ठप हो सकती है। बारिश या अधिक लोड होने की स्थिति में किसी दुर्घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
केंद्र प्रभारी एवं किसानों ने प्रशासन से तत्काल सहयोग की अपेक्षा जताई है, ताकि गड्ढे की मरम्मत कराई जाए और सुचारु परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। प्रशासन की उदासीनता से किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।


