हरदा/नौशाद खान/खबर डिजिटल/ हरदा रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसे देखकर प्रत्यक्षदर्शियों की सांसें थम गईं। प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़े एक युवक ने गुजर रही महानगरी एक्सप्रेस के सामने कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया।
सामाजिक कार्यकर्ता के पद पर पदस्थ
घायल युवक की पहचान शुभम बामने (उम्र 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो महिला बाल विकास कार्यालय में सामाजिक कार्यकर्ता के पद पर पदस्थ बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुभम प्लेटफॉर्म नंबर 2 से गुजर रही ट्रेन के सामने कूद गया। गनीमत यह रही कि वह पटरी पर आड़ा गिर गया, जिसके ऊपर से ट्रेन की करीब चार से पांच बोगियां गुजर गईं। घटना के बाद तुरंत महानगरी एक्सप्रेस को रोका गया।
मौके पर पहुंची आरपीएफ
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस बल (RPF) मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को ट्रेन के नीचे से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल हरदा में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए भोपाल रेफर कर दिया गया। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
बयान लेने का किया प्रयास
पुलिस ने युवक का बयान लेने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर अवस्था में होने के कारण वह बयान देने की स्थिति में नहीं था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह अब जांच का विषय है कि आखिर महिला बाल विकास कार्यालय में पदस्थ युवक ने इतना खतरनाक कदम क्यों उठाया। घटना के बाद स्टेशन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, वहीं रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
